सोनप्रयाग में शीतकालीन पूजा से गूंजी हनुमान भक्ति
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा के प्रमुख पड़ाव सोनप्रयाग में शीतकाल के दौरान भी धार्मिक आस्था को जीवंत बनाए रखने का सराहनीय प्रयास देखने को मिला। मंगलवार प्रातः भैरव सेना संगठन की ओर से संकटमोचक हनुमान मंदिर में विधिवत पूजा-पाठ एवं हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। इस अवसर पर व्यापार संघ सोनप्रयाग, गौ रक्षा विभाग तथा होटल व्यवसायियों की सक्रिय भागीदारी रही।
इन दिनों केदारनाथ यात्रा स्थगित होने के कारण सोनप्रयाग क्षेत्र में सन्नाटा पसरा हुआ है। हालांकि राष्ट्रीय राजमार्ग व भवन निर्माण कार्यों में लगे मजदूर यहां गतिविधियों का एकमात्र दृश्य प्रस्तुत कर रहे हैं। ऐसे समय में मंगलवार को भैरव सेना संगठन के जिलाध्यक्ष अशोक सेमवाल के नेतृत्व में हनुमान मंदिर में विशेष पूजा आयोजित की गई, जिससे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना। पूजा के उपरांत सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
अशोक सेमवाल ने बताया कि संगठन एवं स्थानीय व्यवसायियों के सहयोग से मंदिर में भजन-कीर्तन को लेकर एम्पलीफायर व स्पीकर (माइक) भेंट किए गए हैं, ताकि यात्रा काल के दौरान पड़ाव में नियमित रूप से भक्ति भजन गूंजते रहें। उन्होंने कहा कि इस पहल से यात्रियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी आध्यात्मिक वातावरण का लाभ मिलेगा।
गौ रक्षा विभाग के अध्यक्ष रोहित डिमरी ने कहा कि यात्रा पड़ावों में स्थित मठ मंदिरों में भी शीतकाल के दौरान प्रतिदिन पूजा-पाठ होना चाहिए। उन्होंने कहा कि केदारनाथ धाम की यात्रा प्रारंभ करने से पूर्व यदि श्रद्धालु भगवान हनुमान जी के दर्शन करें तो यात्रा सफल होती है और बाबा केदारनाथ का विशेष आशीर्वाद प्राप्त होता है। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले वर्ष कुछ अराजक तत्वों द्वारा हनुमान जी की मूर्ति को क्षतिग्रस्त कर मंदिर को नुकसान पहुंचाया गया था, जिसके बाद स्थानीय श्रद्धालुओं ने पुनः मंदिर में हनुमान जी की मूर्ति स्थापित कर सौंदर्यीकरण का कार्य किया। कार्यक्रम में अतुल जमलोकी, प्रमोद नौटियाल, नितिन जमलोकी, जितेंद्र सेमवाल, कमलेश भट्ट, अंकित भट्ट, दीपक नौटियाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।