अचानक ढहा पालिका आवास का पुश्ता, चार शौचालय और किचन जमींदोज
मसूरी। कुलड़ी मालरोड स्थित हीरा भवन सराय क्षेत्र में कालिका मंदिर के समीप नगर पालिका आवास का पुश्ता अचानक ढह गया। पुश्ता ढहने से चार शौचालय और एक किचन भरभरा कर नीचे गिर गए। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन संपत्ति को काफी नुकसान पहुंचा है। बताया गया कि पिछले दो दिनों से हुई लगातार बारिश के कारण पुश्ता कमजोर हो गया था। सोमवार को बारिश नहीं होने के बावजूद सुबह अचानक पुश्ता ढह गया। गनीमत रही कि घटना के समय आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था।
घटना की सूचना मिलने पर क्षेत्रीय सभासद अमित मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि संबंधित स्थल का करीब एक माह पहले स्थलीय निरीक्षण किया गया था और इसके बाद पुनर्निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी। उन्होंने कहा कि जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। पालिका की ओर से प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है। पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने भी घटना का संज्ञान लेते हुए कहा कि पुश्ता ढहने की जानकारी मिली है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि ये नगर पालिका कर्मचारियों के आवास हैं और क्षतिग्रस्त शौचालय भी उन्हीं के उपयोग में थे।