हत्याकांड में मुख्य आरोपी समेत दो गिरफ्तार, तमंचा और कारतूस बरामद
ऊधमसिंहनगर। ग्राम सिद्धा नवदिया में सतनाम सिंह (35) की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित कुलदीप सिंह उर्फ बंटी समेत दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 12 बोर का तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की है।
सोमवार को एसएसपी अजय गणपति ने प्रेस वार्ता कर घटना का खुलासा किया। पुलिस अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि 18 अक्टूबर को ग्राम सिद्धानवदिया निवासी सोनू सिंह पुत्र चरणजीत सिंह ने कोतवाली में तहरीर दी थी।वादी के अनुसार, कुलदीप सिंह उर्फ बंटी, लखविंदर सिंह उर्फ लक्की, हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी, कमल सिंह और मनदीप कौर समेत अन्य लोग अवैध तमंचों से लैस होकर एकराय होकर उनके घर पहुंचे। आरोप है कि आरोपितों ने घर पर पथराव किया और उनके भाई सतनाम सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी।तहरीर के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी पंजीकृत की थी। पुलिस ने सोमवार, 19 अक्टूबर को दबिश देकर कुलदीप सिंह उर्फ बंटी निवासी सिद्धानवदिया और हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी निवासी नोगजा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कुलदीप के कब्जे से 12 बोर का तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया।
इसके अलावा दो जिंदा कारतूस, एक अन्य खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई। एसएसपी ने बताया कि कुलदीप सिंह उर्फ बंटी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। वहीं, हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी के विरुद्ध खटीमा थाने में पहले से दो प्राथमिकी पंजीकृत हैं।
पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर रही है। मामले में नामजद अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक शंकर सिंह बिष्ट, उपनिरीक्षक राजेंद्र पंत, मनोज जोशी, संजय कुमार, प्रदीप कोहली, अशोक कांडपाल और नवल किशोर शामिल रहे। प्रेस वार्ता में पुलिस क्षेत्राधिकारी नीरज सेमवाल भी मौजूद थे।